संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई. शुक्रवार को शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बीच संसद भवन में मुलाकात हुई. इस दौरान अन्य सांसद भी मौजूद थे. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने संसद के शीतकालीन सत्र के खत्म होने पर संसद भवन में अपने चेंबर में पार्टियों के नेताओं और लोकसभा सांसदों के साथ मीटिंग की. इसी दौरान सभी नेता वहां पहुंचे.
इस बातचीत के दौरान सदस्यों ने प्रधानमंत्री से नए संसद भवन में एक समर्पित हॉल की उनकी मांग पर विचार करने का आग्रह किया. इसके जवाब में एक वरिष्ठ मंत्री ने टिप्पणी की कि पुराने संसद भवन में भी ऐसी ही एक सुविधा मौजूद थी, लेकिन उसका शायद ही कभी उपयोग किया जाता था. सदस्यों ने प्रधानमंत्री को यह भी बताया कि सत्र काफी उपयोगी रहा, साथ ही यह जोड़ा कि इसे और आगे बढ़ाया जा सकता था, क्योंकि देर रात कानून पारित करना आदर्श नहीं माना जाता.



