भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान पीएम ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी की बधाई दी है. इसके साथ ही उन्होंने नितिन नबीन के संगठनात्मक अनुभव को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया है.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मीटिंग की जानकारी शेयर करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन से मुलाकात की. उन्हें उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं.
आगे कहा कि मुझे विश्वास है कि उनका संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव हमारी पार्टी के लिए एक एसेट साबित होगा, क्योंकि हम सभी मिलकर लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करेंगे.
संगठन को मजबूत करेंगे नबीन- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन से मुलाकात के बाद यह भी भरोसा जताया कि वे संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव बीजेपी के लिए एक बड़ी ताकत साबित होगा. इस मुलाकात को बीजेपी संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले समय में पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है. इस मुलाकात से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली स्थित मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ महासचिवों के साथ संगठन की आगामी रणनीतियों पर मंथन किया.
नितिन नबीन ने की पहली बैठक
कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद नितिन नबीन ने बीजेपी मुख्यालय पर एक बड़ी बैठक भी की. यह उनकी पहली बैठक थी जिसमें राष्ट्रीय महासचिवों समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए. इस बैठक में बीएल संतोष, शिव प्रकाश और सुनील बंसल सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए. मीटिंग का एजेंडा पार्टी संगठन को और अधिक एक्टिव बनाना और आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना था.
कुछ दिन पहले ही हुई थी ताजपोशी
इसी महीने की 15 तारीख को भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन की ताजपोशी दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में की गई थी. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद नितिन नबीन लगातार वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन ले रहे हैं. इसी कड़ी में पीएम मोदी से मुलाकात के लिए पहुंचे थे.


