नोएडा के सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर गांव में मन्नापुरम फाइनेंस कंपनी की शाखा से जुड़ा करोड़ों रुपये का बड़ा घोटाला उजागर हुआ है. यह घोटाला कंपनी के ऑडिट में सामने आया है. आरोप है कि शाखा के मैनेजर, कर्मचारी, एजेंट और वाहन डीलरों ने आपसी मिलीभगत से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 57 लोन पास कराए और करीब 7.47 करोड़ रुपये का गबन कर लिया.
कंपनी प्रतिनिधि मुनाजिर हसन के अनुसार, मन्नापुरम फाइनेंस में वाहन फाइनेंस का काम शाखा कर्मियों, डायरेक्ट सेल्स एजेंट और डीलरों के माध्यम से किया जाता है. हाल में कराए गए ऑडिट में कई लोन खातों में गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद आंतरिक जांच की गई. जांच में साफ हुआ कि बड़ी संख्या में लोन फर्जी कागजातों के आधार पर स्वीकृत किए गए थे.



