कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तारीफ करके हर किसी को चौंका दिया. उन्होंने उस आरएसएस की सराहना की जिसकी वह वर्षों से आलोचना करते रहे. बाद में स्थिति को संभालने के लिए दिग्विजय ने सफाई तो दी, लेकिन वो सिर्फ सफाई ही बनकर रह गई. हालांकि ये कोई पहला मौका नहीं है कि कांग्रेस के अंदर से आरएसएस के लिए आवाज उठी हो. जिस संघ का गांधी परिवार कट्टर आलोचक रहा है उसके अब तक कई नेता संघ की तारीफ में अपनी बात रख चुके हैं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद इस बात को जानते हैं कि उनकी पार्टी में कई ऐसे नेता हैं जो दबे जुबान संघ की सराहना करते हैं. वह इसे लेकर चेतावनी भी दे चुके हैं. उन्होंने कहा था कि जिन्हें डर है वो कांग्रेस छोड़कर आरएसएस में शामिल हो सकते हैं.



