Smartphones Prices in India: 2026 में नया मोबाइल फोन खरीदने वाले ग्राहकों पर महंगाई की मार पड़ सकती है. ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) ने चेतावनी दी है कि 2025 में मेमोरी कंपोनेंट की बढ़ती कीमतों और लगातार USD-INR करेंसी में उतार-चढ़ाव के कारण कीमतों में अनुमानित 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद अब 2026 में भारत में स्मार्टफोन की कीमतें 10 से 15 प्रतिशत तक और बढ़ सकती हैं.
हाल ही में द हिंदू की एक रिपोर्ट के अनुसार, एसोसिएशन ने कहा कि बढ़ते लागत दबाव ने स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों के लिए एक अस्थिर माहौल बना दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, AIMRA के चेयरमैन कैलाश लखानी का कहना है कि हम एक बदलाव देख रहे हैं जहां कंपोनेंट की कीमतें अब स्थिर नहीं हैं. उन्होंने बताया कि Realme, Xiaomi, Oppo और Vivo जैसे बड़े ब्रैंड्स ने पहले ही तेजी से बिकने वाले मॉडलों की कीमतें बढ़ा दी हैं.



