भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने गुरुवार को न्यूयॉर्क के मेयर पद की शपथ ली. इसी के बाद अब न्यूयॉर्क के मेयर ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के पूर्व छात्र और सोशल एक्टिविस्ट उमर खालिद को एक पत्र लिखा है. यह लेटर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. उमर खालिद इस समय भारत के कड़े गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं.
यह पत्र गुरुवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, उसी दिन जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के रूप में शपथ ली. इस शपथ के साथ ही वो अमेरिका के सबसे बड़े शहर का नेतृत्व करने वाले पहले मुस्लिम और भारतीय मूल के नेता बन गए हैं. इसी बीच लंबे समय से जेल में बंद उमर खालिद को उन्होंने पत्र लिखकर कहा है कि हम तुम्हारे बारे में सोच रहे हैं.



