आखिर वो दिन आ ही गया है, जब नए साल की पहली सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान होगा. शनिवार 3 जनवरी यानि आज अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली BCCI की सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी की बैठक होगी, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का चयन होगा और फिर ऐलान होगा. आने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए इस ODI सीरीज की ज्यादा अहमियत नहीं है लेकिन टीम इंडिया में कुछ खिलाड़ियों के भविष्य को देखते हुए ये सेलेक्शन बेहद अहम होने जा रहा है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से 3 मैच की वनडे सीरीज शुरू होगी. इस सीरीज के लिए टीम इंडिया के ऐलान पर सबकी नजरें हैं. पिछली 2 वनडे सीरीज से अलग, इस बार फोकस में रोहित शर्मा और विराट कोहली नहीं हैं, बल्कि नजरें कुछ उन खिलाड़ियों पर हैं जो लगातार टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं. इसमें एक बड़ा नाम ऋषभ पंत और मोहम्मद शमी का है. पंत जहां टीम में रहे हैं तो वहीं शमी बाहर ही चल रहे हैं.



