Amitabh Bachchan Show KBC 17 Finale: सोनी टेलीविजन का सबसे लोकप्रिय ज्ञान का महामंच ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का सीजन 17 अब अपनी कई सुनहरी यादें छोड़ विदा हो चुका है. लेकिन इस बार की विदाई आम नहीं थी. शो के आखिरी दिन जब महानायक अमिताभ बच्चन ने विदाई का स्पीच देना शुरू किया, तो उनकी भर्राई हुई आवाज और आंखों की नमी ने करोड़ों दर्शकों को भावुक कर दिया. उन्होंने बहुत ही भारी आवाज में कहा कि देवियों और सज्जनों, अब यह दौर खत्म होता है. वैसे तो शो के कई दौर शुरू होते हैं और खत्म हो जाते हैं, लेकिन हमारे इस मंच पर शो की विदाई नहीं, बल्कि जुदाई होती है. एक-एक करके कंटेस्टेंट की कुर्सियां खाली हो जाएंगी और स्टूडियो में मौजूद दर्शक अपने कदम सेट के बाहर ले जाएंगे. ये रोशनी जो आज जगमगा रही है, कल किसी और के लिए सजेगी और तालियां भी किसी और के लिए बजेंगी. हंसती-खेलती यें दुनिया अब कुछ महीनों के लिए खामोश हो जाएगी.
इस खामोशी के बीच अमिताभ बच्चन ने अपनी भावनाओं को समेटते हुए कहा कि वे हर उस पल को महसूस कर रहे हैं जो उन्होंने इस मंच पर बिताया है. इसी बीच स्टूडियो की बड़ी स्क्रीन पर एक विशेष वीडियो दिखाया गया, जिसमें पहले सीजन से लेकर इस सीजन के सबसे यादगार पल, कंटेस्टेंट्स के संघर्ष और इस साल करोड़पति बने विजेताओं, जैसे जांबाज सीआरपीएफ इंस्पेक्टर बिप्लव बिस्वास की जीत के ऐतिहासिक लम्हे दिखाए गए. इस वीडियो को देख अमिताभ बच्चन खुद भी अपने आंसू नहीं रोक पाए. जैसे ही वीडियो खत्म हुआ, पूरे स्टूडियो ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उन्हें ‘स्टैंडिंग ओवेशन’ दिया. बिग बी ने भारी मन से सभी का धन्यवाद किया और कहा कि यादों और मुस्कुराहटों के बीच अब विदा लेने का समय आ गया है.



