बांग्लादेश में जहां एक तरफ चुनाव नजदीक है. वहीं, दूसरी तरफ हिंसा बढ़ती ही जा रही है. इस बीच अब अजीजुर रहमान मुसब्बिर, जो बीएनपी से जुड़े एक स्वयंसेवी संगठन के पूर्व नेता थे, उनकी करवान बाजार इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. ढाका मेट्रोपॉलिटन नॉर्थ वॉलंटियर पार्टी के पूर्व सदस्य सचिव अजीजुर रहमान मुसब्बिर को राजधानी के पंथापथ इलाके में बदमाशों ने गोली मार दी. बुधवार (7 जनवरी) शाम करीब 8:30 बजे ग्रीन रोड इलाके में मुसब्बिर को गोली लगी. इसके बाद उन्हें फौरन बीआरबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डीएमपी के तेजगांव डिविजन के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसी) फजलुल करीम ने बताया, इस घटना में दो लोगों को गोली लगी. अजीजुर रहमान मुसब्बिर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसे ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.



