Rakesh Roshan Struggle: बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन के पिता राकेश रोशन ने अपनी पहचान एक बेहतरीन डायरेक्टर के रुप में बनाई है. लेकिन, आपको बता दें कि वो हिंदी सिनेमा में एक्टर बनने के लिए आए थे. हालांकि जब वो अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने में नाकाम हुए तो उन्होंने डायरेक्शन की फील्ड में हाथ आजमाया. क्योंकि इससे पहले वो बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर लंबे वक्त तक काम कर चुके थे. हालांकि स्ट्रगल के दिनों में राकेश सिर्फ 200 रुपये तक ही कमा पाते थे.
राकेश रोशन का जन्म म्यूजिक डायरेक्टर रोशन और इरा मोइत्रा के घर मुंबई में हुआ था. राकेश के एक छोटे भाई राजेश रोशन भी हैं. राजेश एक मशहूर संगीतकार हैं. राकेश ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था, ”मैं मुंबई में पैदा हुआ था. मेरा जन्म एक बड़े म्यूजिक डायरेक्टर हुस्नलाल भगतराम के गैराज में हुआ था. मेरे पिता दिल्ली से मुंबई आए थे और वहां गैराज में रहते थे.” बाद में उनका परिवार दूसरी जगह शिफ्ट हो गया था.


