अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सहयोगी देशों और व्यापारिक साझेदारों को 180 दिनों के भीतर अहम खनिजों और रेयर अर्थ की आपूर्ति के लिए समझौते करने का निर्देश दिया है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, अगर तय समय में ये समझौते नहीं हुए तो अमेरिका ने टैरिफ और व्यापार प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है.
एक घोषणा में ट्रंप ने कहा कि विदेशी देशों में प्रोसेस किए गए अहम खनिजों पर अमेरिका की निर्भरता राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है. लिथियम, कोबाल्ट और रेयर अर्थ एलिमेंट्स जैसे क्रिटिकल मिनरल्स एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, डिफेंस सिस्टम, सेमीकंडक्टर और क्लीन एनर्जी टेक्नोलॉजी के लिए बहुत जरूरी हैं. फिलहाल चीन का इन खनिजों की प्रोसेसिंग में दबदबा है. दुनिया की 70 फीसदी से ज्यादा रेयर अर्थ रिफाइनिंग और बैटरी-ग्रेड मिनरल प्रोडक्शन का बड़ा हिस्सा चीन के पास है.



