फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) को लीगल नोटिस भेजा है, जिसमें उस पर अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम करने और एक कमर्शियल पायलट को बुलाकर परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है. फेडरेशन का कहना है कि उस पायलट का पिछले साल अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया के वीभत्स विमान हादसे से कोई लेना-देना नहीं था.
FIP की ओर से AAIB के महानिदेशक और एक सीनियर अधिकारी को भेजे गए कड़े शब्दों वाले नोटिस में, फेडरेशन ने पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में विमान VT-ANB से जुड़े एअर इंडिया बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर दुर्घटना की जांच के सिलसिले में कैप्टन वरुण आनंद को बुलाए जाने पर आपत्ति जताई गई है. कैप्टन आनंद, हादसे में मारे गए पायलट-इन-कमांड, स्वर्गीय कैप्टन सुमीत सभरवाल के भतीजे हैं. कैप्टन आनंद एअर इंडिया के नैरो-बॉडी विमान पायलट हैं और वह एफआईपी के सदस्य भी हैं.


