गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अशोक चक्र, कीर्ति चक्र समेत अन्य गैलेंट्री अवॉर्ड की घोषणा की गई. वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा. तीन को कीर्ति चक्र और 13 को शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उनके नामों की घोषणा की गई है. शुभांशु शुक्ला ने 25 जून 2025 को एक्सिओम-4 (Axiom-4) मिशन के तहत तीन अन्य यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरी थी. राकेश शर्मा के बाद वह अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने थे.
स्पेस में किए थे 60 से ज्यादा प्रयोग
शुभांशु अंतरिक्ष में करीब 20 दिनों तक रहे और 14 जुलाई को पृथ्वी पर सुरक्षित लौटे थे. इस दौरान उन्होंने 60 से ज्यादा प्रयोग किए, जिनमें खेती, विज्ञान, नई तकनीक और शरीर से जुड़ी रिसर्च शामिल थी. शुभांशु शुक्ला उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं.


