मधुमक्खियां देखने में भले ही छोटी लगती हैं, लेकिन असल में वो बहुत ही खतरनाक होती हैं. हालांकि बिना वजह तो वो किसी को काटती नहीं, लेकिन अगर कोई उन्हें छेड़े तो वो उसे छोड़ती भी नहीं हैं. यही वजह है कि कोई भी मधुमक्खियों को छेड़ने की गलती नहीं करता और अगर कोई ऐसी जुर्रत करता है तो उसे उसका फल जरूर मिलता है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जो न सिर्फ हैरान करता है बल्कि एक सबक भी है. दरअसल, इस वीडियो में एक बच्चा मधुमक्खियों को छेड़ने की गलती करता नजर आता है और उसके बाद उसे जो सबक मिलता है, शायद ही आगे कभी वैसी गलती करने की सोचे.
वीडियो की शुरुआत एक ग्रामीण इलाके से होती है, जहां दो बच्चे खड़े नजर आते हैं. उनमें से एक बच्चा डंडे से मधुमक्खियों को छेड़ता नजर आता है, जबकि दूसरा उसके सपोर्ट में खड़ा रहता है, लेकिन जब मधुमक्खियां भड़क गईं तो दोनों वहां से भागने लगे, लेकिन एक लड़का उनके चंगुल में फंस गया, क्योंकि उसी ने मधुमक्खियों को छेड़ा था. फिर क्या था, मधुमक्खियों ने भी काट-काटकर उसे बता दिया कि उन्हें छेड़ने का क्या अंजाम होता है. वीडियो के अगले सीन में देखने को मिलता है कि बच्चे के होंठ और गाल बुरी तरह से फुले हुए थे, क्योंकि मधुमक्खियों ने उन्हें जबरदस्त सबक सिखाया था.
मधुमक्खियों ने बच्चे को सिखाया सबक
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर @Shreya_Tonk नाम की आईडी से शेयर किया गया है और कैप्शन में लिखा है, ‘लकड़ी से मधुमक्खी को छेड़ रहा था, मधुमक्खी ने भी फुल ऑन जवाब दे दिया. अब देखो…मुंह फूल गया. सबक साफ है- प्रकृति को छेड़ोगे तो प्रकृति छोड़ेगी नहीं! आप क्या कहते हो? सही हुआ या ज्यादा हो गया?’.
महज 12 सेकंड के इस वीडियो को अब तक हजारों बार देखा जा चुका है, जबकि सैकड़ों लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दी हैं. किसी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘मेहनत का फल इतना मोटा मिलेगा, ये तो कभी सोचा नहीं था’, तो किसी ने कहा, ‘कुछ ज्यादा ही अच्छा फल मिल गया कि समेटा ही नहीं गया बच्चे से’.



