कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर पर संकट आ गया है. ईशान को अमेरिका के नामी मीडिया संस्थान वाशिंगटन पोस्ट ने नौकरी से निकाल दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद इसकी जानकारी दी. सिर्फ ईशान ही बेरोजगार नहीं हुए हैं, उनके साथ 300 और लोगों को भी नौकरी से निकाला गया है. ईशान ने कहा कि वह बहुत दुखी और दिल टूटा हुआ महसूस कर रहे हैं, खासकर उन पत्रकारों के लिए जिन्होंने ग्लोबल न्यूज को कवर किया और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से कहानियों को रिपोर्ट करने के लिए कड़ी मेहनत की.
ईशान थरूर ने एक्स पर लिखा, आज मुझे वाशिंगटन पोस्ट से निकाल दिया गया है, साथ ही ज्यादा इंटरनेशनल स्टाफ और मेरे कई दूसरे शानदार साथियों को भी. मैं अपने न्यूजरूम के लिए और खासकर उन बेहतरीन पत्रकारों के लिए बहुत दुखी हूं जिन्होंने पोस्ट के लिए इंटरनेशनल लेवल पर काम किया. वे एडिटर और कॉरेस्पोंडेंट जो लगभग 12 सालों से मेरे दोस्त और सहयोगी रहे हैं, उनके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है.



