टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज हो चुका है और पहले ही मैच में मैदान पर वो टीम उतरी है, जिसने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले बवाल काटा हुआ है. कोलंबो में शनिवार 7 फरवरी की सुबह पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मैच शुरू हुआ. इस टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट का ऐलान कर विवाद खड़ा करने वाली पाकिस्तानी टीम पर कार्रवाई की बातें चल रही हैं लेकिन इसके बीच सलमान आगा की टीम मैदान पर उतरी और पहले ही मैच में स्टार बल्लेबाज को प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया.
पाकिस्तानी टीम इस वर्ल्ड कप में अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल रही है और ऐसे में उसके मुकाबलों पर मौसम की मार का खतरा मंडरा रहा है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भी बारिश के खतरे के बीच ये मुकाबला शुरू हुआ. इसमें पाकिस्तनी कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पाकिस्तानी कप्तान ने भी माना कि बारिश का खतरा उनके दिमाग में बना हुआ था.



