Tu Yaa Main Film: बॉलीवुड में जब भी कोई सर्वाइवल ड्रामा बनता है, तो अक्सर डर फिल्म से नहीं, बल्कि उसके घटिया वीएफएक्स से लगता है. लेकिन बिजॉय नांबियार ने इस बार साबित कर दिया है कि अगर निर्देशक के पास विजन हो, तो आप एक छोटे से स्विमिंग पूल में भी रोंगटे खड़े कर देने वाला खौफ पैदा कर सकते हैं. फिल्म का नाम है ‘तू या मैं’. नाम सुनकर शायद आपको लगे कि कोई हल्की-फुल्की लव स्टोरी होगी, पर ये फिल्म रोम-कॉम कम और ‘मौत-कॉम’ ज्यादा है. अब क्या प्यार में जान दी जा सकती है या यहां मामला ‘जान बची तो लाखों पाए’ वाला है? मगरमच्छ की खाल और मोहब्बत की ढाल के बीच की इस जंग का पूरा कच्चा-चिट्ठा जानने के लिए आपको ये रिव्यू पढ़ना होगा.
कहानी: फिल्म की कहानी शुरू होती है दो इन्फ्लुएंसर्स से. मुंबई के पॉश इलाके में रहने वाली एक अवनि शाह यानी मिस वैनिटी (शनाया कपूर), सोशल मीडिया की दुनिया में जीने वाली, एस्थेटिक्स पर मरने वाली और जिंदगी को रील समझने वाली जेनज़ी लड़की. दूसरी तरफ है मारुति, नालासोपारा का ‘बंटाई रैपर आला फ्लोपारा’ (आदर्श गौरव), जो रैप करता है, स्वैग में रहता है, लेकिन रियलिटी का एहसास भी रखता है.दोनों की अजीब सी लव स्टोरी है. मतलब प्यार भी, तकरार भी और कन्फ्यूजन भी.



