भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करते हुए दोनों देशों ने एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं. इस समझौते के तहत भारत, सेशेल्स डिफेंस फोर्सेज को 10 टाटा यूटिलिटी वाहन और 5 लेजर बोट्स उपहार के रूप में देगा. यह समझौता भारत-सेशेल्स के बीच होने वाली उच्च स्तरीय संयुक्त रक्षा समन्वय समिति (High Level Joint Defence Coordination Committee) की नियमित बैठकों के बाद हुआ है.
रक्षा मंत्रालय (MoD) द्वारा दी जा रही यह सहायता हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की क्षमता निर्माण और सहयोग बढ़ाने की नीति का हिस्सा है. सरकारी सूत्रों के अनुसार, इन वाहनों और नौकाओं से सेशेल्स की समुद्री निगरानी, तटीय सुरक्षा और आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूती मिलेगी.



