Pakistan Qualification Scenario For Semifinal: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज की शुरुआत ही बारिश से हुई. ग्रुप-2 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का पहला मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में रद्द हो गया, क्योंकि लगातार बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी. जिसके चलते नो-रिजल्ट मैच में दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट मिला है. इस मुकाबले का नतीजा ना निकलना पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है. उसके लिए अब सेमीफाइनल की रेस काफी मुश्किल हो गई है.
अब सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगा पाकिस्तान?
बता दें, सुपर-8 राउंड में हर एक टीम तीन मैच खेलती है, जिसके बाद ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचती हैं. सुपर-8 में कोई पॉइंट्स कैरीओवर नहीं होता, सभी टीमें जीरो से शुरू करती हैं. ऐसे में पाकिस्तान के 1 मैच के बाद 1 पॉइंट है और उसके दो मुकाबले बाकी हैं. पाकिस्तान अगला मुकाबला 24 फरवरी को पल्लेकल में इंग्लैंड के खिलाफ खेलने वाली है. इसके बाद 28 फरवरी को उसी पल्लेकल स्टेडियम में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका की टीम से होगा.


