Telangana Digital Media Award Row: अबू ऐमल को सम्मान देने पर BJP का हमला, DGP और गृह सचिव को पत्र

Telangana Digital Media Award Row: अबू ऐमल को सम्मान देने पर BJP का हमला, DGP और गृह सचिव को पत्र

तेलंगाना में हाल ही में एक पत्रकार अबू ऐमल उर्फ अकरम अली मोहम्मद को प्रदेश सरकार ने डिजिटल मीडिया में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया था. इसे लेकर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मर्री शशिधर रेड्डी ने सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर चिंता जाहिर की है. उनका आरोप है कि अबू ऐमल एक विवादास्पद व्यक्ति है जिस पर कई आरोप लग चुके हैं.

बीजेपी नेता मर्री शशिधर रेड्डी ने रेवंत रेड्डी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पत्रकार अबू ऐमल के पासपोर्ट मामले में हाई कोर्ट ने भी सख्ती दिखाई थी. हाईकोर्ट ने राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर उसकी याचिका को खारिज कर दिया था. जिसमें उसने पासपोर्ट बहाल करने की गुहार लगाई थी. बीजेपी नेता का दावा है कि खुफिया एजेंसियों ने कथित पत्रकार की गतिविधियों पर नजर रखी हुई है. अबू ऐमल पर कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं. इसके बाद भी प्रदेश सरकार ने उन्हें पुरस्कार दिया है ये बहुत गलत फैसला है.

DGP और केंद्रीय गृह सचिव से की मांग

मर्री शशिधर रेड्डी ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने इस सम्मान को देने के आधार पर स्पष्टीकरण मांगा है. उन्होंने प्रदेश के डीजीपी और केंद्रीय गृह सचिव को लेकर पत्र लिखकर इस मामले को संज्ञान लेने का आग्रह किया है. उन्होंने पत्र में इस पूरे मामले की जांच की मांग की है. उनका कहना है कि पासपोर्ट रद्द किए जाने के बाद भी अबू ऐमल को अधिकाारिक सम्मान कैसे मिल गया? इस बारे में सरकार को पूरा स्पष्टीकरण देना चाहिए. साथ ही अबू ऐमल को सरकार से अभी तक क्या-क्या मदद मिली है? इस बारे में जानकारी देनी चाहिए.

शासन की कार्यशैली और कानून व्यवस्था पर सवाल

भारतीय जनता पार्टी के नेता रेड्डी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सीएम ऑफिस में अपने प्रभाव का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार से अधिक पारदर्शिता की मांग की है. उन्होंने इस मुद्दे को लेकर शासन की कार्यशैली और पुलिस कानून व्यवस्था पर भी चिंता जाहिर की है. रेड्डी ने प्रदेश में वक्फ की संपत्तियों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि सरकार इस मामले में लापरवाही बरत रही है.