T20 World Cup 2026 Semifinals Rules: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब आर-पार की जंग शुरू होने जा रही है, जिसे नॉकआउट स्टेज कहा जाता है. जहां एक भी हार टीम के ट्रॉफी जीतने के सपनों को चकनाचूर कर सकती है. सेमीफाइनल के मुकाबले 4 मार्च से शुरू होने वाले हैं, और फैंस में उत्साह का माहौल है. पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होगा, जो 4 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में शाम 7 बजे से खेला जाएगा. वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा, जो 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा. इन मैचों में हारने वाली टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.
ऐसा हुआ, तो एक ही दिन खेले जाएंगे दोनों सेमीफाइनल
नॉकआउट मैचों के लिए आईसीसी ने खास नियम बना रखे हैं. जिसके चलते एक स्थिति में ये दोनों मुकाबले एक ही दिन भी खेले जा सकते हैं. दरअसल, बारिश या खराब मौसम मैचों का मजा खराब ना करे, इसको ध्यान में रखते हुए आईसीसी ने दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है. अगर 4 मार्च को पहला मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाता है, तो वह 5 मार्च को खेला जाएगा. इसी तरह, अगर 5 मार्च का दूसरा मैच प्रभावित होता है, तो वह अगले दिन शिफ्ट हो सकता है.



