कर्नाटक में सत्तारुढ़ कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की बात लंबे समय से चल रही है. हालांकि मुख्यमंत्री बदलने की मांग पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है. अब प्रदेश के उपमु्ख्यमंत्री डीके शिवकुमार एक बार फिर नई दिल्ली के दौरे पर हैं तो उनकी इस यात्रा को लेकर सियासी अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं. उनकी इस यात्रा को कर्नाटक विधानसभा के बजट सत्र के बाद राज्य में नेतृत्व में संभावित बदलाव से जोड़ा जा रहा है. वहीं सत्र के बाद पार्टी के कई विधायक दिल्ली में आलाकमान से मिलने की तैयारी में है.
आधिकारिक और पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, शिवकुमार कल रविवार शाम कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ कलबुर्गी से राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हुए. इससे पहले दिन में, दोनों नेता जिले के चित्तपुर में 1,069 करोड़ रुपये के अलग-अलग विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स को लॉन्च करने के दौरान एक ही मंच पर मौजूद थे.



