अमेरिका-ईरान युद्ध की वजह से देश में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अचानक कम हो गई है. इससे कई शहरों के होटल और रेस्टोरेंट पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है. अगर स्थिति जल्द ठीक नहीं हुई तो अगले 48 घंटों में कई रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच जाएंगे. दरअसल, पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण ईंधन की सप्लाई का रास्ता प्रभावित हुआ है. भारत में बड़ी मात्रा में एलपीजी आयात इसी रास्ते से होती है, जहां अभी मालवाहक जहाजों की आवाजाही बंद हो गई है.
मुंबई में बंद होने की कगार पर होटल-रेस्टोरेंट
मुंबई के होटल एसोसिएशनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई 10 से 20 प्रतिशत तक घट गई है. रेस्टोरेंट मालिक गैस सिलेंडर ऑर्डर कर रहे हैं, लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही. इससे रोज हजारों ग्राहकों को खाना खिलाने वाले होटलों के किचन चलाना मुश्किल हो गया है. अभी गैस की कमी लगातार बढ़ रही है. अगर स्थिति नहीं सुधरी तो मुंबई के कई रेस्टोरेंट अगले दो दिनों में बंद हो सकते हैं.
होटल और रेस्टोरेंट से जुड़ी संस्था AHAR के अनुसार, मुंबई और आसपास के इलाकों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी बढ़ रही है. इससे कालाबाजारी और कीमत बढ़ने का खतरा भी है. कई छोटे होटल मालिकों के पास गैस का स्टॉक नहीं होता, इसलिए वे रोज मिलने वाली सप्लाई पर निर्भर रहते हैं. अगर यही स्थिति जारी रही तो कर्मचारियों का वेतन और बिजली बिल भरना भी मुश्किल हो सकता है.
जयपुर में सिलेंडर की डिलीवर पर रोक
इधर, राजस्थान में तेल कंपनियों ने रसोई गैस के घटते स्टॉक को देखते हुए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी है. गैस एजेंसियों को मैसेज करके कॉमर्शियल सिलेंडर के ऑर्डर नहीं लेने के आदेश दिए हैं. गैस एजेंसियों को केवल घरेलू उपयोग के सिलेंडर की डिलीवरी पर ही फोकस करने के लिए कहा गया है. कंपनियों के इस फैसले का असर औद्योगिक ईकाइयों, रेस्टोरेंट्स और होटलों पर पड़ेगा. वहीं शादियों का सीजन शुरू होने के कारण गैस सप्लाई की ज्यादा किल्लत देखने को मिल सकती है. अकेले जयपुर में 50 हजार से ज्यादा होटल रेस्टोरेंट के बन्द होने का खतरा है.
बेंगलुरु में होटल बंद होने की चेतावनी
IT हब बेंगलुरु में होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की चेतावनी दी गई है. बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने कहा है कि कमर्शियल LPG की सप्लाई अचानक रुकने के कारण 10 मार्च से होटल का काम प्रभावित हो सकता है. अगर यह समस्या जारी रहती है तो इसका असर आम लोगों, छात्रों और IT प्रोफेशनल्स पर पड़ेगा, जो रोज खाने के लिए होटलों पर निर्भर रहते हैं.
कोलकाता में रेस्टोरेंट और बेकरी पर असर
कोलकाता में भी कमर्शियल LPG की कमी का असर रेस्टोरेंट और बेकरी कारोबार पर पड़ सकता है. सोमवार को उन कारोबारों में चिंता बढ़ गई जो काम के लिए LPG पर निर्भर हैं. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गैर-घरेलू LPG सिलेंडरों की सप्लाई रोक दी है. हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बंद रहती है, तो जल्द ही कारोबार पर गंभीर असर पड़ सकता है.
सरकार ने उठाया ये कदम
देश में गैस की कमी से निपटने के लिए सरकार ने अहम कदम उठाया है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने तेल रिफाइनरियों को एलपीजी का उत्पादन बढ़ाने और अतिरिक्त उत्पादन को घरेलू उपयोग के लिए देने के निर्देश दिए हैं. मंत्रालय ने कहा कि घरेलू एलपीजी सप्लाई को प्राथमिकता दी गई है. जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए 25 दिन का इंटर-बुकिंग नियम लागू किया गया है. इसके अलावा आयातित एलपीजी को जरूरी गैर-घरेलू क्षेत्रों जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के साथ दिया जा रहा है. हालांकि, रेस्तरां, होटल और अन्य उद्योगों जैसे बाकी गैर-घरेलू क्षेत्रों के लिए एलपीजी सप्लाई से जुड़ी मांगों की समीक्षा करने के लिए तेल विपणन कंपनियों (OMCs) के तीन कार्यकारी निदेशकों (ED) की एक समिति बनाई गई है, जो इन क्षेत्रों से मिलने वाले अनुरोधों की जांच करेगी



