T20 World Cup 2026 जीतने पर BCCI का बड़ा ऐलान, टीम इंडिया को मिलेगा ₹131 करोड़ का इनाम

T20 World Cup 2026 जीतने पर BCCI का बड़ा ऐलान, टीम इंडिया को मिलेगा ₹131 करोड़ का इनाम

BCCI Announces Prize Money For Team India: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की लगातार दूसरी और खिताबी जीत के बाद बीसीसीआई ने टीम को बड़ा सम्मान दिया है. बोर्ड ने टीम इंडिया को कैश प्राइज देने का ऐलान किया है. टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 96 रनों से हराया था. पूरे टूर्नामेंट में टीम ने विस्फोटक बल्लेबाजी, मजबूत गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग का प्रदर्शन किया, जिसमें संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह और बाकी खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई. जिसके चलते अब टीम को रिकॉर्डतोड़ प्राइज मनी मिलने जा रही है.

टीम इंडिया के लिए BCCI का बड़ा ऐलान

बीसीसीआई ने टीम इंडिया को को 131 करोड़ रुपए का इनाम देने का ऐलान किया है. यह रकम खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और बाकी सदस्यों के बीच बांटी जाएगी, जो अब तक की सबसे बड़ी प्राइज मनी भी है. बीसीसीआई ने पिछली बार 2024 के 125 करोड़ रुपए के इनाम का ऐलान किया था. लेकिन इस बार प्राइज मनी में 6 करोड़ रुपए बढ़ाए गए हैं. टीम इंडिया ने इन दो टूर्नामेंट के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 भी जीती थी. तब भी बीसीसीआई ने 58 करोड़ रुपए दिए थे.

बता दें, ये प्राइज मनी आईसीसी से मिलने वाली प्राइज मनी से अलग है. आईसीसी ने कुल प्राइज पूल में से चैंपियन टीम को 3 मिलियन डॉलर (करीब 27.5 करोड़) दिए थे. वहीं, रनर-अप न्यूजीलैंड को 1.6 मिलियन डॉलर मिले. लेकिन बीसीसीआई की ओर से ये खिलाड़ियों को बोनस दिया गया है, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा टीम बोनस में से एक है. ये प्राइज मनी आने वाले समय में भी खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट जीतने के लिए मोटिवेट करेगी.

सिर्फ 1 मैच हारकर जीता टाइटल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का दबदबा रहा. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम को सिर्फ 1 हार मिली. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में लगातार 4 मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई थी. लेकिन सुपर-8 के पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इस हार के बाद भारतीय टीम ने फिर जीत की पटरी पर वापसी की, टीम ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. फिर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची.