झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में 9 दिन पहले मिले जिंदा बम को अभी तक डिफ्यूज नहीं किया जा सका है. सेना अभी इसे डिफ्यूज करने की कोशिश में है. पूर्वी सिंहभूम में बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा-नागुड़साई में सुवर्णरेखा नदी के तट पर मिले इस बम का वजन 227 किलो है. अब सेना की टीम ‘बंकर तकनीक’ का उपयोग कर इसे डिफ्यूज करेगी. भारतीय सेना की एक विशेष टीम द्वारा बम की वैज्ञानिक जांच की गई है. इसके साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से ड्रोन कैमरे के माध्यम से आसपास के रिहायशी इलाकों की भी जानकारी इकट्ठा की गई है.
प्रारंभिक जांच में 227 किलो का यह विशाल बम जिंदा अवस्था में पाया गया है. ऐसे में सेना की टीम अब बंकर तकनीक का उपयोग कर इसे डिफ्यूज करेगी. 227 किलो के इस शक्तिशाली बम को निष्क्रिय करने के दौरान होने वाले कंपन और मलबे को रोकने के लिए सेना द्वारा बंकर तकनीक का उपयोग किया जाएगा.


