कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र के ‘वन स्टॉप सेंटर’ (OSCs) से जुड़ी समस्याओं को उठाया. ये सेंटर हिंसा से प्रभावित महिलाओं को सहायता देने के लिए बनाए गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार किसी की नहीं सुन रही है. राहुल गांधी ने कहा कि सुरक्षा महज एक योजना नहीं है, ये सरकार की बुनियादी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि महिलाएं मदद के लिए दरवाजे खटखटा रही हैं, फिर भी सरकार ने उन दरवाजों को बंद रखा है. उन्होंने कहा कि मैंने संसद में पूछा था, जब कोई महिला हिंसा से बचकर ‘वन स्टॉप सेंटर’ (OSC) पहुंचती है तो उसे मदद क्यों नहीं मिलती? इसके बजाय उसे दरवाजे बंद क्यों मिलते हैं? स्टाफ की कमी क्यों है? पूरे देश से आ रही शिकायतें अनसुनी क्यों की जा रही हैं? राहुल गांधी ने अपने व्हाट्स ऐप चैनल पर एक पोस्ट में इसके बारे में जानकारी दी है.
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार का जवाब क्या था? यही कि सब कुछ ‘संतोषजनक’ है. अगर सच में सब कुछ ‘संतोषजनक’ है, तो फिर OSCs से जुड़ी इतनी सारी समस्याओं की रिपोर्टें लगातार सामने क्यों आ रही हैं? राहुल ने पूछा कि अगर सुरक्षा प्राथमिकता है, तो फिर हर पांच में से तीन महिलाओं तक मदद अभी भी क्यों नहीं पहुंच पा रही है?


