राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान उस वक्त माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को एक युवक ने कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित यह प्रदर्शन कुछ ही मिनटों में सुर्खियों में आ गया। घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।
शहीद स्मारक पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए थे। प्रदर्शन का मकसद भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना ने पूरे आयोजन का फोकस बदल दिया।
कंधों पर स्वागत, फिर अचानक हुआ हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अभिजीत दीपके के शहीद स्मारक पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कई कार्यकर्ता उन्हें कंधों पर बैठाकर मंच की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक अचानक उनके करीब पहुंचा और कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया।
घटना होते ही वहां मौजूद समर्थक भड़क गए। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक को भीड़ से बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
प्रदर्शन से पहले भी हुआ था विवाद
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, मुख्य घटना से पहले भी प्रदर्शन स्थल पर कुछ युवकों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी। नारेबाजी के दौरान शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ने लगा था। हालांकि पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।
इसके बावजूद कार्यक्रम के दौरान तनाव बना रहा। पुलिस लगातार भीड़ पर नजर रखे हुए थी ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
मोबाइल चोरी की शिकायतों ने बढ़ाई परेशानी
प्रदर्शन के दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन गायब होने की शिकायत भी की। भीड़ अधिक होने के कारण चोरी की घटनाओं की आशंका जताई गई। शिकायतें बढ़ने के बाद आयोजकों ने मंच से लोगों को सावधान रहने और अपने मोबाइल व कीमती सामान की सुरक्षा करने की अपील की।
इस घटनाक्रम ने आयोजन प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर केंद्रित था आंदोलन
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन का मुख्य एजेंडा नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियां, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बढ़ती बेरोजगारी था। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने हाथों में तिरंगा और विभिन्न नारों वाले पोस्टर लेकर अपनी मांगें उठाईं।
पोस्टरों पर “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं को न्याय दो” और “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” जैसे संदेश लिखे गए थे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी संगठन का नहीं, बल्कि देश के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की आवाज है। उनका कहना था कि शिक्षा और भर्ती प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
फिलहाल पुलिस थप्पड़ मारने के आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं, विवाद और हंगामे के बावजूद प्रदर्शन कार्यक्रम जारी रहा और प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
