अगर कोई बल्लेबाज इस वक्त सबसे ज्यादा खतरनाक फॉर्म में दिख रहा है तो वह हैं पंजाब के बाएं हाथ के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में अभिषेक शर्मा का बल्ला जमकर चल रहा है, जो टीम इंडिया के लिए भी अच्छे संकेत हैं. भारतीय टीम को जल्द ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है, जहां अभिषेक शर्मा से टीम को काफी उम्मीदें रहेंगी. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इस एडिशन में अभी तक सबसे ज्यादा छक्के अभिषेक शर्मा से बल्ले से देखने को मिले हैं.
SMAT में अभिषेक शर्मा का तूफान
अभिषेक शर्मा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में अभी तक 5 मैच खेले हैं और 275 के हैरान करने वाले स्ट्राइक रेट से 242 रन ठोके हैं. उन्होंने ये रन 48.40 के औसत से बनाए हैं, यानी एक बार सेट हुए तो रन बनाने का सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं लेता. लेकिन असली तूफान तो पिछले तीन मुकाबलों में आया है. जहां उन्होंने सिर्फ 80 गेंदें खेलकर 232 रन बटोरे हैं. मतलब हर गेंद पर लगभग तीन रन के आसपास, यह आंकड़ा खुद ब खुद बताता है कि गेंदबाज उनके सामने कितने लाचार नजर आ रहे हैं.



