सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले आरोपी पकड़े गए, मुंबई पुलिस की टीम ने दोनों को गुजरात के भुज से किया गिरफ्तार

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले आरोपी पकड़े गए, मुंबई पुलिस की टीम ने दोनों को गुजरात के भुज से किया गिरफ्तार

मुंबई। बॉलीवुड के भाईजान एक्टर सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी विक्की गुप्ता और सागर को गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर लिया है। सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के दोनों आरोपी बिहार के चंपारण के निवासी हैं।

न्यूज चैनल आजतक की खबर के मुताबिक विक्की गुप्ता और सागर को मुंबई पुलिस की टीम ने भुज के माता के मढ़ से गिरफ्तार किया। उनको मुंबई लाकर पूछताछ की जाएगी। रविवार की सुबह करीब 4.55 बजे बाइक पर सवार होकर बदमाश मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर पहुंचे थे।

यहां उन्होंने कई राउंड फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी सलमान खान के घर के बाहर से फरार हुए। उनकी बाइक 1 किलोमीटर दूर बरामद हुई थी। वे ऑटो से बांद्रा स्टेशन पहुंचे थे। फिर बोरीवली जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार हुए थे। मुंबई पुलिस को जांच में पता चला था कि ट्रेन पकड़कर विक्की और सागर सांताक्रूज रेलवे स्टेशन पर उतरे थे।

न्यूज चैनल के मुताबिक आरोपियों ने पनवेल में सलमान खान के फार्म हाउस के पास किराए पर घर भी लिया था। वे सलमान खान की गतिविधि पर नजर रखे हुए थे। बांद्रा में सलमान खान के घर की भी कई बार आरोपियों ने रेकी की थी। सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली थी।

सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। इसकी वजह से एक्टर को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। अब विक्की और सागर से पूछताछ में पता चलेगा कि किसने उनको भेजा था और क्या उनका इरादा सलमान खान की जान लेने का था या एक्टर को महज वे डराना चाहते थे।

Previous articleराम नवमी के लिए अयोध्या में रामलला का मंदिर सजकर तैयार, जानिए बुधवार को कितने बजे तक श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन
Next articleछत्तीसगढ़ के बस्तर लोकसभा सीट पर मतदान कराने के लिए हेलीकॉप्टर से पोलिंग पार्टियां भेजी गईं