अजय देवगन की फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ का पोस्टर रिलीज, इस दिन आएगा ट्रेलर

मुंबई: बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन एक बार फिर हंसाने के लिए तैयार हैं. हाल ही में उनकी फिल्म टोटल धमाल ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाढ दिए थे. इस बार वह नई फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ से धमाल मचाएंगे जिसका पोस्टर उन्होंने अपने ट्वीटर अकाउंट पर शेयर किया है.

पोस्टर में अजय देवगन ​दो कार पर पैर रखे हुए नज़र आ रहे हैं, एक कार पर तब्बू तो दूसरी कार पर रकुलप्रीत बैठी नज़र आ रही हैं, और इस पर सिंघम ने कैप्शन लिखा है- डोन्ट ट्राइ दिस एट होम. यह फिल्म रोमांटिक कॉमेडी फिल्म होगी, जिसमें देवगन एक अलग ही अंदाज में दिखेंगे.

बता दें, यह फिल्म प्यार का पंचनामा और सोनू की टीटू की स्वीटी फेम लव रंजन की है, जिसका निर्देशन आकिब अली ने किया है. वहीं इस फ़िल्म के निर्माण का काम भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है.

आकिब अली इस फिल्म से निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं. आकिब बॉलीवुड के एक बड़े एडिटर भी हैं, जिन्होंने बर्फी, काइट्स, ये जवानी है दीवानी, वन्स अपॉन अ टाइम इन मुम्बई, अग्निपथ, बैंग-बैंग और लव रंजन की दोनों मूवी में एक एडिटर के तौर पर काम किया है. फिलहाल अजय देवगन की फिल्म 17 मई को रिलीज होगी. इसका ट्रेलर 2 अप्रैल यानी अजय देवगन के बर्थडे के दिन लांच किया जाएगा.