BJP में शामिल होने की अटकलों पर बोले अल्पेश ठाकोर- ‘कांग्रेस में हूं और आगे भी रहूंगा’

नई दिल्ली: गुजरात के राजनीतिक गलियारों में शुक्रवार से यह अफवाह थी कि कांग्रेस के ओबीसी विधायक अल्पेश ठाकोर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. लेकिन अब अल्पेश ने अपने खिलाफ फैली इन खबरों पर रोक लगा दी है. उन्होंने कहा कि वह गुजरात में कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहेंगे और कांग्रेस में ही रहते हुए अपने लोगों की लड़ाई लड़ेंगे.

अल्पेश ठाकोर ने कहा, ‘मैं अपने लोगों के लिए लड़ता रहूंगा. मैं कांग्रेस में रहूंगा और कांग्रेस का समर्थन करता रहूंगा.’ बता दें कि बीजेपी में शामिल होने की चर्चा के बीच अल्पेश ठाकोर ने गुरुवार को कहा था कि वह अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में शुक्रवार को फैसला करेंगे.

कौन हैं अल्पेश ठाकोर?

आपको बता दें कि अल्पेश ठाकोर गुजरात के राधनपुर से कांग्रेस के विधायक हैं. उन्होंने साल 2011 में क्षत्रिय ठाकुर सेना की स्थापना की थी. 2016 में उन्होंने अपने समुदाय में शराबबंदी के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया. अक्टूबर 2017 तक उनके संगठन के सदस्यों की संख्या 7,00,000 से ज्यादा हो चुकी थी.