Ameesha Patel Praises Dhurandhar 2: बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त सिर्फ एक ही नाम का शोर है और वो नाम है ‘धुरंधर 2’. रणवीर सिंह की इस फिल्म ने न सिर्फ कमाई के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं, बल्कि फिल्म जगत के दिग्गजों को भी अपना मुरीद बना लिया है. अब इस कड़ी में ‘गदर’ फेम एक्ट्रेस अमीषा पटेल का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए बॉलीवुड की दुखती रग पर हाथ रख दिया है.
“अमीषा पटेल ने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ (पहले ट्विटर) पर फिल्म को ‘आई ओपनर’ (आंखें खोलने वाला) बताया है. उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इंडस्ट्री को अब ‘प्रोजेक्ट’ बनाना बंद कर ‘फिल्में’ बनाने पर ध्यान देना चाहिए.
जानें अपने ट्वीट में क्या बोलीं अमीषा
अमीषा ने बॉलीवुड के मौजूदा ट्रेंड पर निशाना साधते हुए लिखा, “इंडस्ट्री धुरंधर की तारीफ कर रही है, ये देखकर बहुत अच्छा लगा. मेकर्स को समझना होगा कि आदित्य ने फिल्म बनाई है, कोई प्रोजेक्ट नहीं. उन्होंने असली एक्टर्स को कास्ट किया है, न कि उन इंस्टाग्रामर्स को जो सिर्फ पार्टियों में ट्रेंड होते हैं. प्रोजेक्ट्स बनाना बंद करो और फिल्में बनाना शुरू करो.”
रजनीकांत से लेकर एसएस राजामौली तक… हर कोई फिदा!
धुरंधर 2 का जादू सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सिर चढ़कर भी बोल रहा है. बॉलीवुड से जहां आलिया भट्ट, सिद्धार्थ मल्होत्रा, आयुष्मान खुराना और रितेश देशमुख ने फिल्म की सराहना की है, वहीं साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत, जूनियर एनटीआर, अल्लू अर्जुन और महेश बाबू भी रणवीर सिंह की एक्टिंग के फैन हो गए हैं. दिग्गज निर्देशक एसएस राजामौली और नगाार्जुन ने भी इस फ्रेंचाइजी को सिनेमा के लिए एक बेहतरीन उपलब्धि बताया है.
बॉक्स ऑफिस पर ‘सुनामी’, 800 करोड़ के पार!
कमाई के मामले में ‘धुरंधर 2’ ने तबाही मचा रखी है. रिलीज के पहले सोमवार को ही फिल्म ने भारत में करीब 65 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. इसी के साथ फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. लेटेस्ट मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 844.76 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, मेकर्स को उम्मीद है कि ये जल्द ही 1000 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी.
क्या है ‘धुरंधर 2’ की कहानी?
ये फिल्म जसकीरत सिंह रांगी के ‘हमज़ा अली मज़ारी’ बनने के सफर को दिखाती है. फिल्म में रणवीर सिंह एक ऐसे जासूस (Spy) के किरदार में हैं, जो देश पर हुए आतंकी हमलों का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में घुसपैठ करता है और देखते ही देखते ल्यारी का बेताज बादशाह ‘शेर-ए-बलोच’ बन जाता है. फिल्म का सस्पेंस और एक्शन दर्शकों को कुर्सियों से बांधे रखने में कामयाब रहा है.


