अमित शाह का दावा, इस बार 2014 के लोकसभा चुनावों से अधिक आएंगी भाजपा की सीटें

अमित शाह

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार भाजपा की 2014 के लोकसभा चुनावों से अधिक सीटें आएंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बल देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश भर में अपील करने से यह सीटें पिछली बार से 55 अधिक होंगी। भाजपा ने वर्ष 2014 में पहली बार स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। तब उसे लोकसभा की कुल 543 सीटों में से 282 सीटें मिली थीं। लिहाजा भाजपा अध्यक्ष इस बार कम से कम 337 सीटें आने की उम्मीद कर रहे हैं।

अमित शाह ने शुक्रवार को साफ तौर पर कहा कि भाजपा अपने दम पर ही स्पष्ट बहुमत पा लेगी। उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से पार्टी के कमजोर राज्य माने जाने वाले देश भर के तटीय राज्यों और पूर्वी राज्यों में पार्टी ने अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है। भाजपा ने इन राज्यों में अपना आधार बढ़ा लिया है। शाह ने दावा किया कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में 23 से अधिक सीटें जीतेगी। इसी तरह ओडिशा में भी 13-15 सीटें मिलेंगी। इससे पहले भाजपा को इन दोनों राज्यों में क्रमश: दो और एक ही सीट मिली थीं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने देश भर में फैली ऐसी 120 सीटों की पहचान की है, जो जीतने योग्य हैं और जिन्हें पार्टी पिछली लोकसभा में हार गई थी। भाजपा ऐसे 55 से अधिक संसदीय क्षेत्रों में जीत दर्ज करेगी।

रोड-शो के जरिए सपा ने दिखाया दम, तल्ख धूप के बावजूद डिम्पल यादव की झलक पाने को बेताब नजर आये लोग

यह पूछे जाने पर कि क्या 2014 की तरह ही भाजपा उत्तर और पश्चिमी भारत में अधिकतम सीटें हासिल करेगी, शाह ने कहा कि कुछ सीटें इधर-उधर हो सकती हैं, लेकिन उनकी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलना तय है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के दिवंगत पिता राजीव गांधी पर प्रहार करने पर कांग्रेस नेताओं के तिलमिलाने पर अमित शाह ने कहा कि वह कितनी भी कोशिश कर लें, वह अपने अतीत से नहीं भाग सकते हैं। उन्होंने कहा कि क्यों उनकी (राजीव गांधी) या जवाहर लाल नेहरू की आलोचना नहीं की जा सकती? सिर्फ इसलिए कि वह गांधी परिवार के हैं।

शाह ने हमलावर अंदाज में कहा कि क्या बोफोर्स घोटाला उनके (राजीव के) शासनकाल में नहीं हुआ। क्या भोपाल गैस त्रासदी के आरोपित को चोरी-छिपे उनके शासनकाल में ही विदेश नहीं भेजा गया? इन मुद्दों पर चर्चा क्यों नहीं हो सकती? भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी के उस दावे का मजाक उड़ाया जिसमें उन्होंने कहा कि मोदी 23 मई के बाद अपना बोरिया-बिस्तर बांध लेंगे। शाह ने कहा कि 23 मई आने दीजिए हम देखेंगे कि कौन अपना बोरिया-बिस्तर बांधता है।

Previous articleरोड-शो के जरिए सपा ने दिखाया दम, तल्ख धूप के बावजूद डिम्पल यादव की झलक पाने को बेताब नजर आये लोग
Next articleमोदी काले अंग्रेज, कामचोर और चूडि़या खनकाने वाले, जानिए किसने कहे ये अमर्यादित शब्द