कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की एक और सूची, श्रावस्ती से धीरेंद्र प्रताप सिंह को दिया टिकट

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी की है। उत्तर प्रदेश की श्रावस्ती से पार्टी ने धीरेंद्र प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी में रह चुके धीरेंद्र प्रताप सिंह बीते माह मार्च में ही कांग्रेस में शामिल हुए थे। आपको बता दें कि धीरेन्द्र प्रताप सिंह श्रावस्ती सदर विधान सभा सीट से 2007 में बसपा के टिकट पर विधायक रह चुके हैं।

विदित हो कि सिंह 2012 में उतरौला विधान सभा सीट से बीएसपी से ही चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे। जिसके बाद वो भाजपा में शामिल हो गए लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से उन्हें टिकट नहीं मिला। बीते महीने उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद से ही माना जा रहा था कि वो कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। श्रावस्ती सीट पर छठें चरण में 12 मई को चुनाव होना है। श्रावस्ती लोकसभा सीट मौजूदा समय में भाजपा के पास है, जहां से ददन मिश्रा सांसद हैं।

गौरतलब है कि यूपी में सभी सात चरण में लोकसभा के चुनाव होने हैं। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में भाजपा और सपा-बसपा गठबंधन से लड़ाई है। आपको बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में महज दो सीटों पर सिमट गई थी। रायबरेली में सोनिया गांधी और अमेठी में राहुल गांधी को ही जीत मिली थी। ऐसे में इस चुनाव में कांग्रेस के सामने वापसी करने की चुनौती है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles