अरविंद केजरीवाल ने की पीएम मोदी से मुलाकात, कहा-हिंसा के दोषियों को मिले कड़ी सजा

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी से कोरोना वायरस और दिल्ली हिंसा से संबंधित मुद्दों पर बातचीत की। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये एक शिष्टाचार मुलाकात थी। उन्होंने बता कि उन्होंने पीएम मोदी से मिलने का समय मांगा था। इस चर्चा के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से दिल्ली के विकास में सहयोग की मांग की।

बता दें कि अरविंद केजरीवाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच मुलाकात उस वक्त हुई जब संसद में दिल्ली हिंसा का मामला जोरो-शोरों से उठाया जा रहा है। दिल्ली हिंसा में अब तक 45 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हैं।

मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि हिंसा को लेकर दिल्ली मे जो अफवाहें फैलाईं गई, वो दुखद है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने जिस तत्परता के साथ अफवाह पर काबू पाया वो काबिले तारिफ है। साथ ही केजरीवाल ने दिल्ली हिंसा में पुलिस की नाकामयाबी का भी जिक्र किया। अऱविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस तरह की मुस्तैदी पुलिस ने अभी दिखाई अगर वैसी मुस्तैदी हिंसा के वक्त दिखाई होती, तो शायद कई जानें बच सकती थीं. केजरीवाल ने आगे कहा कि मैंने प्रधानमंत्री से कहा कि दिल्ली हिंसा के लिए जो भी लोग दोषी पाए जाते हैं उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही हमने कोरोना वायरस पर मिलकर काम करने के विषय पर चर्चा की।

दिल्ली चुनाव नतीजे के बाद केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा था, “माननीय गृह मंत्री से अच्छी मुलाकात हुई। दिल्ली के विकास से संबंधित कई मुद्दों पर हमने चर्चा की। हम दोनों ने तय किया है कि राष्ट्रीय राजधानी के विकास के लिए हम मिलकर काम करेंगे।”