आईपीएल वो स्टेज है, जहां खिलाड़ी बनते हैं. जहां उनकी प्रतिभा को पहचान मिलती है. गुजरात टाइटंस से खेल रहे अशोक शर्मा भी ऐसे ही एक खिलाड़ी है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4 अप्रैल को खेले मुकाबले में भले ही गुजरात टाइटंस को हार का सामना करना पड़ा मगर उस मैच में अशोक शर्मा अपना असर छोड़ने में पीछे नहीं रहे. सबसे तगड़ा असर तो उन्होंने अपनी अब तक की फेंकी सबसे तेज गेंद की बदौलत डाला, जिसकी रफ्तार 154.7 km/h आंकी गई. उन्होंने अपना नाम आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले गेंदबाजों में शुमार कराया. अशोक शर्मा की ताकत ही उनकी रफ्तार, उनकी सटीकता है, जिसमें वो बेहद कंसिस्टेंट नजर आते हैं.
क्रिकेट छोड़ चले थे सरकारी नौकरी करने
हालांकि, आईपीएल 2026 में अपना असर छोड़ रहे अशोक शर्मा के लिए यहां तक पहुंचना आसान नहीं था. ये वही खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 3 साल पहले क्रिकेट छोड़कर सरकारी नौकरी करने का मन बना लिया था. U-23 लेवल पर मौके नहीं मिलते देखकर वो सरकारी नौकरी के लिए होने वाले परीक्षाओं की तैयारियों में जुट गए थे. उन्होंने खेतों में अपने पिता का हाथ बंटाना शुरू कर दिया था. लेकिन, उसी दौरान इस किसान के बेटे के क्रिकेट करियर के लिए संजीवनी बना टैलेंट हंट.


