असम में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं और यहां पर भी सियासी पारा हाई होता जा रहा है. राजनीतिक हमले भी बढ़ते जा रहे हैं. अब असम के कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने राज्य की बीजेपी सरकार पर आरोप लगाया कि हिमंत बिस्वा सरमा की अगुवाई वाली सरकार तानाशाही कर रही है और दावा किया कि राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में लोगों और ‘राजा’ (शासक) के बीच ही असली लड़ाई होगी.
साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि लोकतंत्र का एक अहम हिस्सा, लोगों का आलोचना करने का अधिकार, बीजेपी के नेतृत्व वाली यह गठबंधन सरकार छीन रही है. गोगोई ने कल शुक्रवार को डिब्रूगढ़ जिला नागरिक मंच की ओर से आयोजित ‘गण अभिबर्थन’ (जन सम्मेलन) को संबोधित करते हुए कहा, “यह चुनाव असम के लोगों और राजा (शासक) के बीच होगा,” क्योंकि राज्य में फिर से चुनावी सीजन आ गया है. इस सम्मेलन में असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई, राइजर दल के महासचिव धैर्य कोंवर समेत अन्य विपक्षी नेता भी मौजूद थे.



