असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटके पर झटका लग रहा है. एक-एक कर कई दिग्गज अब तक पार्टी का साथ छोड़ चुके हैं. इस लिस्ट में नया नाम लोकसभा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई का जुड़ा है. उन्होंने मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया. बोरदोलोई नागांव संसदीय सीट से दो बार के सांसद हैं और असम सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. बोरदोलोई के इस्तीफे से पहले चार अन्य नेता भी कांग्रेस को झटका दे चुके हैं. इन सभी नेताओं ने पिछले 3 महीने में पार्टी का साथ छोड़ा हैं.
कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे एक पत्र में बोरदोलोई ने कहा कि यह फैसला उन्होंने बेहद दुख के साथ लिया है. उन्होंने लेटर में लिखा कि मैं कांग्रेस के सभी पदों, विशेषाधिकारों और प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफ़ा देता हूं. उन्होंने कहा कि शुरू से ही, जब मैं MLA, मंत्री या MP बना, तो राज्य का हित हमेशा मेरे मन में सबसे ऊपर रहा है. मैं हमेशा एक गर्वित असमिया रहा हूं और मैंने राज्य की प्रगति में योगदान देने की कोशिश की है।.अगर मुझे घुटन महसूस होती है, तो मैं उस बाधा को हटा दूंगा और ऐसा माहौल तलाशूंगा जहां मैं काम कर सकूं. उन्होंने कहा उनके पास अभी भी असम के लोगों की सेवा करने के लिए कई साल बाकी हैं.



