अवध ओझा ने राजनीति से लिया संन्यास, AAP छोड़ी; कहा– अब खुलकर बोल सकता हूं

अवध ओझा ने राजनीति से लिया संन्यास, AAP छोड़ी; कहा– अब खुलकर बोल सकता हूं

मशहूर टीचर अवध ओझा ने राजनीति से संन्यास ले लिया है. इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) भी छोड़ दी. इसी साल अवध ओझा ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा से चुनाव लड़ा था. मगर उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा.

राजनीति से संन्यास लेने के बाद अवध ओझा ने एक पॉडकास्ट में बताया कि वह पहले से ज्यादा खुश हैं क्योंकि अब वो अपने मन की बात खुलकर बोल सकते हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के बाद उन्हें समझ में आया कि वह इसके लिए बने ही नहीं हैं. उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से राजनीति का सपना था.

राजनीति करने की उत्कंठा थी मगर…

पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि राजनीति करने की उत्कंठा थी. चुनाव लड़ने की चाहत थी कि चुनाव लड़ना है. चुनाव लड़े. पटपड़गंज की जनता का बड़ा सम्मान मिला. दूसरे स्थान पर रहे. मगर चुनाव लड़ने के बाद मुझे जो चीजों का अहसास हुआ वो ये कि मुझे राजनीति नहीं करनी चाहिए थी इसलिए मैंने राजनीति से संन्यास ले लिया.

ओझा ने आगे कहा कि अब राजनीति नहीं करूंगा. इससे संन्यास लेकर बहुत खुश हूं. पहली बात को बोलना बंद हो गया था. पार्टी लाइन के बाहर कुछ बोल नहीं सकते थे. अब फोन करके मुझे कोई ये नहीं कहेगा कि ये नहीं बोल सकते, वो नहीं बोल सकते हैं. अब तो जो दिल करेगा वही बोलूंगा. कोई मना करने वाला नहीं है.