अयोध्या: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या को दीपोत्सव के अवसर पर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का तोहफा देने जा रही है। यह रेस्टोरेंट सरयू नदी के किनारे बनाया जाएगा और पर्यटकों के लिए एक नया अनुभव होगा।
कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि यह फ्लोटिंग रेस्टोरेंट 20.5 मीटर लंबा और 8 मीटर चौड़ा है। इसमें 12.6 मीटर का हिस्सा रेस्टोरेंट के लिए उपयोग किया जाएगा। एक बार में 35 पर्यटक बैठकर इसका आनंद ले सकते हैं। इसकी लागत 3.59 करोड़ रुपये है।
मुंबई की कंपनी ने किया निर्माण
इस फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को मुंबई की लिटमस मरीन कंपनी ने बनाया है। यह अयोध्या में पर्यटक निगम का तीसरा व्यावसायिक प्रतिष्ठान होगा। रेस्टोरेंट पूरी तरह से वातानुकूलित है। इसमें आधुनिक लाइटिंग सिस्टम के साथ- साथ एक सुसज्जित किचन भी है। इसको तैयार करने में डेढ़ माह का समय लगा और लगभग 20 कारीगरों ने इसको बनाया है। इसकी खासियत यह है कि यह रेस्टोरेंट 10 से 15 मीटर गहरे पानी में चलेगा।
फोटोग्राफी का बेहतरीन स्थल बनेगा
फ्लोटिंग रेस्टोरेंट न सिर्फ खाने-पीने की सुविधा देगा, बल्कि पर्यटकों के लिए फोटोग्राफी का भी बेहतरीन स्थल बनेगा। नदी के बीच से दिखाई देने वाली राम की पैड़ी, घाटों और दीपोत्सव के समय जगमगाती अयोध्या की झलक पर्यटकों के कैमरे में कैद होकर जीवनभर की यादगार बन जाएगी। यह जगह सेल्फी पॉइंट के रूप में भी तेजी से लोकप्रिय हो सकती है।



