अयोध्या में मिल सकती है 6 नए थानों की सौगात, एसएसपी ने भेजा प्रस्ताव, नए क्षेत्रों में जमीन चिन्हित

अयोध्या में मिल सकती है 6 नए थानों की सौगात, एसएसपी ने भेजा प्रस्ताव, नए क्षेत्रों में जमीन चिन्हित

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर बनने के बाद से यहां हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि देखने को मिल रही है. देश और विदेश से लाखों भक्त हर दिन अयोध्या पहुंच रहे हैं और राम लला के दर्शन कर रहे हैं. इस बढ़ते आवागमन को देखते हुए जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में प्रशासन तेजी से कदम उठा रहा है.

प्रस्ताव में क्या-क्या?

एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण की अगुवाई में स्पेशल टीमों का गठन किया गया है जो विभिन्न इलाकों का दौरा कर रही हैं. ये समितियां तय कर रही हैं कि किन-किन क्षेत्रों को किस थाने के अंतर्गत शामिल किया जाएगा. साथ ही थाने के लिए ज़रूरी भूमि चिन्हित करने का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है. एसएसपी अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर के अनुसार जिन पुलिस चौकियों का कार्यक्षेत्र बड़ा है उन्हें थाने का दर्जा देने की सिफारिश की गई है. इसके अलावा कुछ नए इलाकों में पूरी तरह से नए थानों की स्थापना का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है.

6 नए थानों का प्रस्ताव

पुलिस सूत्रों की मानें तो अयोध्या में जल्द ही 6 नए थानों की सौगात मिल सकती है. इनमें हनुमानगढ़ी थाना, दर्शन नगर थाना, सहादतगंज थाना, देवकाली थाना, हैरिटिंगगंज थाना और हवाई पट्टी चौकी को थाने में बदलने का प्रस्ताव शामिल है. इन सभी प्रस्तावों को अंतिम रूप देकर शासन को भेजा जाएगा ताकि शीघ्र ही इन नए थानों की स्थापना हो सके और श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुरक्षा और सुविधा मिल सके.