भारतीय बाजार में तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की डिमांड बढ़ते जा रही है. अब ईवी सेगमेंट में एक नया और किफायती ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसे बैटरी ऐज़ अ सर्विस (BaaS) कहा जाता है. इस मॉडल की खास बात ये है कि ग्राहक को कार खरीदते समय बैटरी के लिए पूरा पैसा नहीं देना पड़ता. इससे गाड़ी की शुरुआती कीमत काफी कम हो जाती है और ईवी खरीदना पहले के मुकाबले आसान हो जाता है.अब भारत में कई बड़ी कंपनियां इस सिस्टम को अपना रही हैं. Tata Motors, Maruti Suzuki और JSW MG Motor जैसी कंपनियां BaaS मॉडल के साथ अपनी इलेक्ट्रिक कारें पेश कर रही हैं.
टाटा पंच.ईवी फेसलिफ्ट
इस लिस्ट में Tata Punch EV एक किफायती ऑप्शन बनकर सामने आई है. इसकी सामान्य कीमत करीब 9.69 लाख रुपये से शुरू होती है, लेकिन BaaS मॉडल के साथ इसे लगभग 6.49 लाख रुपये में खरीदा जा सकता है. बैटरी के इस्तेमाल के लिए ग्राहकों को प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करना होता है. ये कार एक बार चार्ज करने पर लगभग 355 किलोमीटर तक चल सकती है.
मारुति ई-विटारा
वहीं, Maruti Suzuki eVX भी इस सिस्टम के साथ आती है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 15.99 लाख रुपये है, लेकिन बैटरी सब्सक्रिप्शन के साथ ये करीब 10.99 लाख रुपये में मिल सकती है. ये कार लंबी दूरी के लिए बेहतर मानी जा रही है और एक चार्ज में 500 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज देती है.
एमजी विंडसर ईवी
MG Windsor EV भी BaaS मॉडल के साथ आती है और इसकी कीमत इस सिस्टम के जरिए काफी कम हो जाती है. ये कार लगभग 449 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम है. इसके अलावा MG Comet EV शहरों के लिए एक सस्ती और कॉम्पैक्ट EV है, जिसकी कीमत BaaS के साथ काफी कम हो जाती है और ये करीब 230 किलोमीटर तक चल सकती है.प्रीमियम सेगमेंट में MG ZS EV भी बैटरी सर्विस मॉडल के साथ आती है. इसमें बेहतर फीचर्स के साथ करीब 461 किलोमीटर की रेंज मिलती है.
आसान भाषा में समझें BaaS
अगर BaaS को आसान भाषा में समझें, तो इसमें कार और बैटरी की ओनरशिप अलग-अलग होती है. आप गाड़ी के मालिक होते हैं, जबकि बैटरी कंपनी की रहती है. इसके बदले आपको हर महीने या इस्तेमाल के आधार पर बैटरी का शुल्क देना होता है.कुल मिलाकर, ये नया मॉडल EV को ज्यादा किफायती और आसान बना रहा है, खासकर उन लोगों के लिए जो कम बजट में इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं.



