बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा बढ़ती जा रही है. देश में एक और दर्दनाक मामला सामने आया है. बांग्लादेश के नरसिंदी में शुक्रवार रात, 23 जनवरी को एक 23 साल के हिंदू युवक चंचल भौमिक को गैराज के अंदर जिंदा जला कर मार दिया गया.स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, चंचल भौमिक, जो नरसिंदी पुलिस लाइन्स के पास मस्जिद मार्केट इलाके में एक गैराज में काम करता था, रोज की तरह उस दिन भी काम खत्म करने के बाद गैराज के अंदर ही सो रहा था. देर रात एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर बाहर से गैराज का शटर बंद किया, पेट्रोल डाला और उसे मारने की नीयत से गैराज में आग लगा दी.
बताया जा रहा है कि गैराज के सीसीटीवी फुटेज में पहले शटर के बाहर आग की लपटें उठती दिखती हैं, जो तेजी से अंदर फैल जाती हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि आरोपी काफी देर तक गैराज के बाहर खड़ा रहा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि चंचल जलकर मर जाए और इसके बाद वो मौके से फरार हो गया. जब स्थानीय निवासियों ने आग देखी तो उन्होंने फायर सर्विस को सूचना दी. दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके बाद गैराज के अंदर से चंचल भौमिक का जला हुआ शव बरामद किया गया.



