बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के मुखिया रहे मोहम्मद यूनुस का कार्यकाल अब खत्म होने वाला है. इसके बाद वह कौन सी भूमिका निभाएंगे, इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं. अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्हें कोई संवैधानिक पद मिल सकता है या राष्ट्रपति बनाया जा सकता है. माना जा रहा है कि मंगलवार को सत्ता संभालने जा रही बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की सरकार उन्हें समर्थन दे सकती है. फिलहाल बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहमम्मद शाहबुद्दिन हैं, उन्होंने 24 अप्रैल 2023 को शपथ ली थी और उनका कार्यकाल 5 साल का है.
BNP नेता तारिक रहमान के अंतरराष्ट्रीय मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा कि यूनुस के लिए किसी खास पद पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि तारिक रहमान समावेशी शासन चाहते हैं और अगर उनकी सरकार बनती है तो वे देश के काबिल और अनुभवी लोगों को साथ लेकर चलेंगे. कबीर ने कहा कि यूनुस की विशेषज्ञता, अनुभव और अंतरराष्ट्रीय पहचान का देश के हित में उपयोग किया जा सकता है, लेकिन अभी कोई तय भूमिका नहीं है. उन्होंने दोहराया कि अब तक किसी पद को लेकर औपचारिक बातचीत नहीं हुई है.



