भजनपुरा मर्डर केस का पुलिस ने किया खुलासा, रिश्तेदार ही निकला कातिल

दिल्ली के भजनपुरा में पांच लोगों की हत्या के मामले का 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मर्डर के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम प्रभु मिश्रा है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के मुताबिक प्रभु मिश्रा मृतकों का रिश्तेदार है। हत्या की वजह पैसों की लेने देने को बताया जा रहा है। पांचों लोगों की हत्या रॉड से मारकर की गई थी।

बता दें कि भजनपुरा इलाके में एक घर में दंपती और तीन बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दंपती का शव एक कमरे से बरामद हुआ, जबकि तीनों बच्चों के शव दूसरे कमरे में पड़े थे। शव के पास ही एक हथौड़ा और आरी बरामद हुई है।

मूलरूप से बिहार के सुपौल के रहने वाले शंभूनाथ परिवार के साथ सी ब्लॉक, गली नंबर-11, भजनपुरा में छह महीने से किराये पर रह रहे थे। एक साल पहले तक शंभूनाथ जूस की रेहड़ी लगाते थे। बाद में उन्होंने ई-रिक्शा चलाना शुरू कर दिया था। तीनों बच्चे यमुना विहार स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ते थे।

बुधवार सुबह उनके मकान के सामने वाले दुकानदार को तेज बदबू आ रही थी। उन्होंने पहले नगर निगम को फोन किया। निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें मकान बंद मिला। निगमकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मकान का ताला तोड़कर अंदर पहुंची तो उनके होश उड़ गए। एक कमरे में दंपती और दूसरे कमरे में तीनों बच्चों के शव पड़े हुए थे। आसपास फैला खून सूख चुका था। कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ था। इससे प्रतीत होता है कि हत्या के समय झगड़ा हुआ होगा।

Previous articleप्रवासी भारतीय केंद्र का नाम बदलकर होगा सुषमा स्वराज भवन
Next articleनिर्भया मामला- अपराधी विनय की याचिका सुप्रीम कोर्ट ने की खारिज