अरमान-कृतिका-पायल की लव स्टोरी पर भड़कीं देवोलीना भट्टाचार्जी, बोलीं- ‘सुनकर ही घिन आती है’

अरमान-कृतिका-पायल की लव स्टोरी पर भड़कीं देवोलीना भट्टाचार्जी, बोलीं- ‘सुनकर ही घिन आती है’

बिग बॉस ओटीटी 3 शुरू हो चुका है. जहां एक तरफ दर्शक रिएलिटी शो को एंजॉय कर रहे हैं वहीं बिग बॉस 14 और बिग बॉस 15 का हिस्सा रहीं एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी शो के कुछ कंटेस्टेंटेस पर भड़क गई हैं. दरअसल देवोलीना ने यूट्यूबर कंटेस्टेंट अरमान मलिक की उनकी दो बीवियों के साथ लव स्टोरी सुनकर उसपर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यूट्यूबर कंटेस्टेंट अरमान मलिक की दो बीवियां हैं जिनका नाम पायल मलिक और कृतिका मलिका है. अरमान के साथ-साथ उनकी दोनों बीवियां भी शो में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुई हैं. प्रीमियर एपिसोड के दौरान उन्होंने अपनी लव स्टोरी बताई जिसे सुनकर देवोलीना ने बिना नाम लिए उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई है.

‘ये एंटरटेनमेंट नहीं, गंदगी है’

एक्स पर लंबा पोस्ट करते हुए देवोलीना ने लिखा- ‘क्या आपको लगता है कि ये एंटरटेनमेंट है? ये एंटरटेनमेंट नहीं, गंदगी है. इसे हल्के में लेने की गलती न करें क्योंकि ये सिर्फ रील नहीं, रियल है. मेरा मतलब है कि मुझे ये भी समझ नहीं आ रहा कि कोई इस बेशर्मी को एंटरटेनमेंट कैसे कह सकता है? मुझे इसके बारे में सुनकर ही घिन आती है. सिर्फ 6-7 दिनों में प्यार हुआ, शादी हुई और फिर पत्नी की सबसे अच्छी दोस्त के साथ भी वही हुआ. ये मेरी सोच से बाहर है.’

देवोलीना ने बिग बॉस को सुनाई खरी-खोटी 

देवोलीना ने आगे ऐसे कंटेस्टेंट्स को शो का हिस्सा बनाने को लेकर बिग बॉस को भी खूब खरी-खोटी सुनाई. उन्होंने लिखा- ‘और बिग बॉस, आपको क्या हो गया है? क्या इतने बुरे दिन चल रहे हैं आपके कि आपको पॉलीगैमी एंटरटेनमेंट लगता है? जब आपने ऐसे कंटेस्टेंट्स को इंट्रोड्यूस कराया तो आप क्या सोच रहे थे?’

मल्टीपल मैरिज को लेकर कही ये बात
साथ निभाना साथिया एक्ट्रेस ने आगे कहा- ‘इस शो को बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक लोग देखते हैं. आप नई पीढ़ी को क्या सिखाना चाहते हैं? कि वे 2-3-4 शादियां कर सकते हैं? क्या सभी लोग एक साथ खुशी से रह सकते हैं? जाकर उन लोगों से पूछो जो हर दिन ऐसी घटनाओं से जूझ रहे होते हैं, दुख में अपनी जिंदगी जी रहे हैं.’

UCC के सपोर्ट में देवोलीना
देवोलीना ने पोस्ट में आगे यूनिफॉर्म सिविल कोड को सपोर्ट करते हुए भी अपनी राय लिखी. उन्होंने कहा, ‘स्पेशल मैरिज एक्ट और यूसीसी लागू होना चाहिए. ताकि कानून सबके लिए एक जैसा हो और समाज को ऐसी गंदगी से राहत मिल सके. पहली पत्नी के होते हुए दूसरी पत्नी, सोचिए अगर बराबरी के नाम पर पत्नियां 2-2 पति रखने लगें, तो क्या तब भी आपका एंटरटेनमेंट होगा?’

अरमान-कृतिका-पायल के फॉलोअर्स पर भी भड़कीं
एक्ट्रेस यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे अरमान मलिक, कृतिका मलिक और पायल मलिक के फॉलोअर्स पर सवाल उठा दिए. उन्होंने कहा- ‘मुझे समझ नहीं आता कि इनके फॉलोअर्स कौन हैं. किस वजह से वे उन्हें फॉलो करते हैं? क्या आपका दिमाग सही जगह पर है या नहीं प्लीज पहले इसका इलाज कराएं. अगर आपको ये बेशर्मी सही लगती है तो आपकी जिंदगी बर्बाद है. आप इससे आगे न तो सोच सकते हैं और न ही इसके बारे में कुछ कर सकते हैं.’