साल 2025 के खत्म होते-होते आखिरी दिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके कैबिनेट के सदस्यों ने अपनी-अपनी संपत्ति का ब्यौरा जारी कर दिया. कैबिनेट सचिवालय की ओर से बताया गया कि सीएम नीतीश कुमार के पास कुल 1.65 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इस तरह से उनकी कमाई में एक साल में 68 हजार रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. वहीं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी करोड़पति हैं और उनके पास चार लाख रुपये मूल्य की एक राइफल भी है. नीतीश के 2 मंत्री को छोड़कर सभी मंत्री करोड़पति हैं.
बिहार के कैबिनेट सचिवालय विभाग ने मुख्यमंत्री समेत सभी कैबिनेट मंत्रियों की संपत्ति का ऐलान कर दिया. नीतीश के मंत्रियों में सिर्फ दो मंत्री संजय टाइगर और संजय कुमार को छोड़कर सभी करोड़पति हैं. संजय कुमार बिहार सरकार के सबसे गरीब मंत्री हैं और उनके पास महज 23.85 लाख की संपत्ति है. जबकि सबसे अमीर मंत्री डॉक्टर अशोक चौधरी हैं. उनके पास कुल 42.68 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इसमें उनकी पत्नी की संपत्ति भी शामिल है. इसके बाद रमा निषाद का नंबर है जिनके पास कुल संपत्ति 31.85 करोड़ रुपये की है.


