Bihar Election 2025: बाहुबली उम्मीदवारों की किस्मत और रुझान

Bihar Election 2025: बाहुबली उम्मीदवारों की किस्मत और रुझान

Bihar Bahubali candidates Bihar Result Updates: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का रिजल्ट घोषित किया जा रहा है. शुरुआती रुझानों से संकेत मिलता है कि एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनावों में 122 सीटों के बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर लेगी, जो सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए एक मजबूत शुरुआत का संकेत है. इस बीच लोगों की नजर है कि क्या इस बार भी बाहुबलियों का बोलबाला रहा है. बाहुबलियों में सबसे ज्यादा सीट मोकामा की चर्चा में रही है, जहां अनंत सिंह ने एक बार फिर से ताल ठोकी है.

बिहार चुनावः बाहुबली नेताओं का रिजल्ट लाइव…

  • मोकामा से अनंत सिंह 7 वें राउंड में भी आगे हैं. 11 हजार 55 मतों की बड़ी बढ़त बनाई. बीणा देवी लगातार चल रही हैँ पीछे
  • रघुनाथपुर सीट पर कांटे की टक्कर चल रही है. आरजेडी के ओसामा शहाब पिछड़ गए हैं और जेडीयू के विकास कुमार आगे हैं.
  • दानापुर से रीतलाल यादव बढ़त बनाए हुए हैं. दूसरे नंबर पर बीजेपी के रामकृपाल यादव हैं.
  • ब्रह्मपुर सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के हुलास पाण्डेय पिछड़ गए हैं. आरजेडी के शुभम नाथ यादव आगे चल रहे हैं.
  • वारिसलीगंज विधानसभा सीट से बीजेपी की अरुणा देवी लीड कर रही हैं. आरजेडी की अनीता देवी 2165 वोटों से पीछे चल रही हैं.
  • लालगंज से शिवानी शुक्ला पिछड़ गई हैं. बीजेपी के संजय कुमार सिंह आगे चल रहे हैं.
  • मोकामा से जेडीयू के अनंत सिंह 7993 वोटों से आगे चल रहे हैं. आरजेडी की वीणा देवी काफी पिछड़ गई हैं. यहां 6 राउंड की वोटिंग हो चुकी है.

जेडीयू की टिकट पर बाहुबली अनंत सिंह ने चुनाव लड़ा है. उन्हें बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी ने टक्कर दी है. इन दोनों नेताओं के चलते मोकामा हर किसी की जुबान पर है. इसके अलावा लालगंज विधानसभा सीट से बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला मैदान में हैं. वहीं, मुन्ना शुक्ला उर्फ विजय कुमार शुक्ला जेल में बंद हैं. वे बिहार के पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की हत्या के दोषी ठहराए गए थे और उम्रकैद की सजा काट रहे हैं.

वहीं, वारिसलीगंज विधानसभा सीट की भी चर्चा जोरों पर रही है. यहां से दो बाहुबलियों की पत्नियों ने ताल ठोकी. आरजेडी के टिकट पर अनीता देवी और बीजेपी ने अरुणा देवी को चुनावी अखाड़े में उतारा. अनीता देवी बाहुबली नेता अशोक महतो और अरुणा देवी बाहुबली अखिलेश सिंह की पत्नी हैं. दोनों के बीच दिलचस्प चुनावी लड़ाई हुई. इसके अलावा ब्रह्मपुर से हुलास पाण्डेय, दानापुर से आरजेडी के रीतलाल यादव, रघुनाथपुर से ओसामा शहाब ने चुनाव लड़ा है. इन सभी बाहुबलियों की साख दांव पर लगी है.

बिहार में हुआ है 67.13 फीसदी मतदान

इधर, 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में हुए चुनावों में रिकॉर्ड 67.13% मतदान हुआ, जो जनता की उच्च भागीदारी को दर्शाता है. चुनाव आयोग के अनुसार, 38 जिलों के 46 केंद्रों पर सुबह 8 बजे मतगणना हो रही है और सुबह 9 बजे तक रुझान आने शुरू हो गए. ईवीएम और वीवीपैट को दोहरे तालों में सुरक्षित रूप से रखा गया था, जिनकी सीसीटीवी और केंद्रीय बलों द्वारा चौबीसों घंटे निगरानी की गई. जेडीयू और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को आरजेडी, कांग्रेस, सीपीआई(एमएल) और अन्य पार्टियों वाले इंडिया ब्लॉक से कड़ी चुनौती मिल रही है.