बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक दलों में मारपीट का दौर शुरू हो गया है. बुधवार को देर शाम जहां पटना एयरपोर्ट पर कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई थी. वहीं अब VIP के कार्यकर्ताओं में लात-घूंसे चलने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पार्टी के ही दो गुटों में जमकर लात-घूंसे चले हैं. किसी तरह वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत किया है.
दरअसल गुरुवार को राजधानी पटना के एक होटल में पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने अपनी पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी. प्रेस कॉन्फ्रेंस का वक्त भी तय कर दिया गया था, लेकिन एन वक्त पर राजनीतिक कारणों को लेकर प्रेस कांफ्रेंस को टाल दिया गया. बताया जा रहा है कि इस दौरान वीआईपी कार्यकर्ताओं के दो गुटों में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई. कुछ ही देर बाद बहस ने मारपीट का रूप में ले लिया और दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे चले.
कार्यकर्ताओं के दो गुटों में सीटों को लेकर चल रही है रार
सूत्रों से पता चला है कि दोनों ही गुटों के कुछ नेता खुद को टिकट का दावेदार बता रहे हैं. इनमें से कुछ नेता एक ही जगह से टिकट मांग रहे हैं. इसी बात को लेकर दोनों गुटों में पहले बहस शुरू हुई थी. मौके पर मौजूद अन्य नेताओं ने दोनों गुटों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने. इसके बाद दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे चले. होटल में बवाल होने पर स्टाफ भी सकते में आ गया. अन्य नेताओं और होटल स्टाफ ने किसी तरह दोनों गुटों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
सीट शेयरिंग को लेकर के नाराज चल रहे मुकेश सहनी
बताया जा रहा है कि मुकेश सहनी महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर के नाराज चल रहे हैं. इसके बाद उन्होंने अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति को बताने को लेकर गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन का ऐलान किया था. हालांकि खबर आ रही है कि कांग्रेस पार्टी के किसी बड़े नेता से मुकेश सहनी की फोन पर बात हुई थी. इसके बाद प्रेस कांफ्रेंस को आगे बढ़ा दिया गया.


