बंगाल में बिसलेरी के पानी में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, एक बैच की बिक्री पर लगी रोक, जानें बोतल की डिटेल

बंगाल में बिसलेरी के पानी में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, एक बैच की बिक्री पर लगी रोक, जानें बोतल की डिटेल

देश के बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड्स में शामिल बिसलेरी की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। पश्चिम बंगाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान बिसलेरी के पानी के एक सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं की जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई। इसके साथ ही कंपनी के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति भी जारी की गई है।

जलपाईगुड़ी प्लांट से लिया गया था पानी का सैंपल

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जुलाई 2026 में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में स्थित बिसलेरी के प्लांट से पानी का सैंपल लिया था। यह प्लांट गांव तेलीपाड़ा में स्थित है, जिसका पिन कोड 735133 है।

सैंपल को जांच के लिए प्राथमिक प्रयोगशाला भेजा गया था, जहां यह खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसके बाद सैंपल को रेफरल लैब में जांच के लिए भेजा गया। वहां भी पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई।

12 अगस्त को बैच की बिक्री पर लगाई गई रोक

दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने 12 अगस्त 2026 को संबंधित बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति भी जारी की गई है।

इस बैच की बोतलों से रहें सावधान

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में जिस बैच का सैंपल फेल हुआ है, उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी इस प्रकार है:

  • बैच नंबर: PB 201

  • निर्माण तिथि: 20 जुलाई 2026

  • एक्सपायरी डेट: 19 जनवरी 2027

अगर किसी उपभोक्ता के पास इस बैच और निर्माण तिथि वाली बिसलेरी की बोतल है, तो उसे इसका सेवन नहीं करना चाहिए।

देशभर में पैकेज्ड वाटर ब्रांड्स की जांच

इस मामले के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए देशभर में दूसरे पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड्स के सैंपलों की भी बड़े स्तर पर जांच की जा रही है।

क्या होता है कोलीफॉर्म बैक्टीरिया?

कोलीफॉर्म बैक्टीरिया ऐसे सूक्ष्मजीवों का समूह है, जिनकी मौजूदगी पानी की गुणवत्ता और संभावित संदूषण का संकेत हो सकती है। हालांकि, सभी कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सीधे तौर पर बीमारी पैदा नहीं करते, लेकिन पीने के पानी में इनकी मौजूदगी को सुरक्षा मानकों के लिहाज से गंभीरता से लिया जाता है।

उपभोक्ताओं को सलाह है कि पानी की बोतल खरीदते समय बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। खासतौर पर PB 201 बैच की बोतल मिलने पर उसका इस्तेमाल न करें।